ग्रामीण महिलाओं की शिकायत पर पुरा गोसाईं पहुंची टीम, अब प्रतिदिन होगी गश्त
विदिशा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान ग्राम पुरा गोसाईं की महिलाओं ने गांव में अवैध शराब की बिक्री होने की शिकायत कलेक्टर अंशुल गुप्ता और पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी से की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने आबकारी विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशों के पालन में आबकारी विभाग की टीम थाना ग्यारसपुर की चौकी अटारीखेड़ा अंतर्गत ग्राम पुरा गोसाईं पहुंची। यहां ग्रामीण महिलाओं और महिला समूह की सदस्यों की मौजूदगी में संतोष आदिवासी, महेश आदिवासी और जगन्नाथ मीणा के घरों की तलाशी ली गई। हालांकि, तलाशी के दौरान टीम को कोई अवैध मदिरा बरामद नहीं हुई। जांच के समय संबंधित व्यक्ति भी मौके पर मौजूद नहीं थे।
प्रतिदिन गश्त करेगी आबकारी टीम
ग्रामीण महिलाओं द्वारा अवैध शराब की बिक्री की शिकायत किए जाने के बाद आबकारी विभाग ने गांव में निगरानी बढ़ाने का निर्णय लिया है। वृत्त आबकारी उप निरीक्षक संजय इवने को ग्राम पुरा गोसाईं में प्रतिदिन गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का उद्देश्य अवैध शराब के विक्रय और परिवहन पर प्रभावी निगरानी रखना है।




0 टिप्पणियाँ