लटेरी में वन विभाग की कार्रवाई, मोटरसाइकिल सहित सागौन की 8 सिल्ली जब्त,

बैरागढ़-लटेरी मार्ग पर ग्राम कोटरा के पास सुबह 5:30 बजे की कार्रवाई, वन अमले की रात्रिकालीन गश्ती के दौरान मिली सफलता

लटेरी, 25 अक्टूबर। वन संपदा की सुरक्षा और अवैध वनोपज परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग की ओर से की जा रही रात्रिकालीन गश्ती के दौरान वन अमले ने सागौन की 8 सिल्ली और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। कार्रवाई 24 अक्टूबर की रात से 25 अक्टूबर की सुबह के बीच बैरागढ़-लटेरी मार्ग पर ग्राम कोटरा के समीप की गई।

वन विभाग के अनुसार, वनमंडलाधिकारी विदिशा हेमंत यादव एवं उपवनमंडलाधिकारी सुधीर पटले के निर्देशन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी दक्षिण लटेरी के मार्गदर्शन में वन अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार गश्ती की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात वन अमले ने क्षेत्र में सघन गश्ती अभियान चलाया।

रविवार सुबह करीब 5:30 बजे ग्राम कोटरा के पास जांच के दौरान वन अमले ने एक मोटरसाइकिल के साथ इमारती सागौन की 8 सिल्ली जब्त कीं। जब्त लकड़ी और मोटरसाइकिल को वन विभाग ने अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

चार वनकर्मियों की रही भूमिका

इस कार्रवाई में उपवन क्षेत्रपाल एवं कोटरा चौकी प्रभारी निर्मल कुमार अहिरवार, मुंडेला बीटगार्ड वनरक्षक निर्मल कुमार व्यास, भूरापानी बीटगार्ड वनरक्षक राहुल अहिरवार तथा कोटरा बीटगार्ड वनरक्षक नीलेश कुर्मी की सक्रिय भूमिका रही।

वन विभाग का कहना है कि अवैध कटाई और वनोपज के अवैध परिवहन को रोकने के लिए संवेदनशील वन क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों पर रात्रिकालीन गश्ती जारी रहेगी। विभाग ने वन संपदा की सुरक्षा और वन अपराधों पर नियंत्रण के लिए अभियान को निरंतर जारी रखने की बात कही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ