शाहपुर के विसर्जन कुंड तक वाहनों की पहुंच में परेशानी, दूसरी जगह गंदगी और नदी में पानी की कमी; तहसीलदार बोले- सफाई करवाकर उचित व्यवस्था कराएंगे
लटेरी। तहसील लटेरी की ग्राम पंचायत गोलाखेड़ा के ग्राम शाहपुर स्थित विसर्जन कुंड पर साफ-सफाई और आवागमन की व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। नवरात्रि के बाद मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के मद्देनजर स्थल पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की जरूरत है। यहां एक ओर पुल बनने के कारण नीचे उतरकर विसर्जन स्थल तक पहुंचने में परेशानी होने की बात सामने आई है, वहीं दूसरी ओर जिस स्थान से लोग विसर्जन के लिए पहुंच सकते हैं, वहां जगह-जगह गंदगी दिखाई दे रही है। नदी में पानी की कमी भी चिंता का विषय बनी हुई है।
पुल बनने से वाहनों को पहुंचने में परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार, पुल के निर्माण के बाद विसर्जन कुंड तक वाहनों को ले जाने और प्रतिमाओं को विसर्जन स्थल तक पहुंचाने में दिक्कत होती है। दूसरी ओर, जहां से विसर्जन किया जा सकता है, वहां साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की बात सामने आई है। ऐसे में प्रतिमा विसर्जन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
गणेश विसर्जन के दौरान भी सामने आई थीं समस्याएं
इससे पहले गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी शाहपुर के विसर्जन स्थल की अव्यवस्थाओं को द शपथ ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। उस दौरान स्थल पर गंदगी और पुलिस व्यवस्था को लेकर सवाल सामने आए थे। मौके पर पुल के ऊपर दो पुलिसकर्मी ड्यूटी करते दिखाई दिए थे। अब दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के अवसर पर भी स्थल की साफ-सफाई और आवागमन की व्यवस्था को लेकर ध्यान देने की जरूरत है।
तहसीलदार ने दिया सफाई और उचित व्यवस्था का आश्वासन
मामले को लेकर द शपथ ने लटेरी तहसीलदार भास्कर रघुवंशी से बातचीत की। इस पर तहसीलदार ने विसर्जन स्थल पर साफ-सफाई करवाने के साथ उचित व्यवस्था करवाने की बात कही है। अब देखना होगा कि विसर्जन से पहले स्थल पर सफाई, सुरक्षित आवागमन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर कितना काम हो पाता है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जरूरी हैं व्यवस्थाएं
प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विसर्जन स्थल तक पहुंचने के रास्ते को सुगम बनाना, गंदगी हटाना और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है। ग्राम पंचायत एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं दुरुस्त करनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े और विसर्जन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।




0 टिप्पणियाँ