विदिशा में वाहन चेकिंग अभियान, 21 वाहनों पर कार्रवाई; 75 हजार रुपये वसूले


स्कूल बसों की सुरक्षा जांची, भारवाही वाहन और जेसीबी भी जांच के दायरे में; जब्त वाहनों से दो लाख रुपये राजस्व मिलने की उम्मीद

विदिशा। जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देश पर जिला परिवहन अधिकारी गिरिजेश वर्मा के नेतृत्व में सागर रोड, ग्यारसपुर और त्यौदा में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों के विपरीत संचालित पाए गए 21 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान नौ वाहनों से 75 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया, जबकि शेष वाहनों के प्रकरणों का निराकरण होने तक उन्हें जब्त कर सुरक्षित रखा गया है। जब्त वाहनों में आठ ग्यारसपुर थाना, तीन त्यौदा थाना और एक वाहन परिवहन कार्यालय विदिशा परिसर में रखा गया है। विभाग को इन वाहनों के प्रकरणों के निराकरण से करीब दो लाख रुपये का राजस्व मिलने की उम्मीद है।

स्कूल बसों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान

वाहन चेकिंग के दौरान स्कूल बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की गई। इसके अलावा सड़क निर्माण कार्य में लगे भारवाही वाहनों और जेसीबी मशीनों की भी जांच की गई, ताकि नियमों के अनुसार वाहन संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

ग्यारसपुर रोड पर भी हुई थी कार्रवाई

परिवहन विभाग ने शुक्रवार को ग्यारसपुर रोड पर भी जांच अभियान चलाया था। इस दौरान नियम विरुद्ध संचालित चार वाहनों को जब्त किया गया था। संबंधित प्रकरणों के निराकरण के बाद इन वाहनों से 73 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।

परिवहन विभाग के अनुसार, अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना, वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच करना और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ