रात में भी फहरता रहा तिरंगा, अधिकारियों को दी गई सूचना
आनंदपुर काछीखेड़ा। ग्राम पंचायत काछी खेड़ा में राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़े नियमों का उल्लंघन सामने आया है। पंचायत भवन पर फहराया गया तिरंगा रात के समय भी उतरा नहीं गया, जबकि नियमों के अनुसार सूर्यास्त के बाद ध्वज को उतारना अनिवार्य होता है।
सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर जब मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी गई, तो शाम करीब 7:30 बजे तक राष्ट्रीय ध्वज पंचायत भवन पर फहराता हुआ पाया गया। इस गंभीर लापरवाही की जानकारी तत्काल अनुविभागीय अधिकारी नितिन जैन को दी गई। सूचना मिलने के बाद एसडीएम द्वारा संबंधित अधिकारी को ध्वज उतरवाने के निर्देश दिए गए।
इधर, जब इस संबंध में पंचायत सचिव से फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने दावा किया कि ध्वज पहले ही उतार लिया गया है, जबकि मौके पर स्थिति इसके विपरीत पाई गई। इससे यह स्पष्ट होता है कि सचिव द्वारा गलत जानकारी दी गई।
इसी दौरान जब पंचायत सचिव को इस विषय में जानकारी लगी, तो उन्होंने पास के ही पड़ोसी गांव में किसी व्यक्ति को फोन कर बोल दिया। वह व्यक्ति पंचायत भवन से ही लगे घर से आया और मीडिया के सामने ही राष्ट्रीय ध्वज को उठाकर वहां से भाग गया। यह घटनाक्रम कई सवाल खड़े करता है।
प्रशासन की जिम्मेदारी पर सवाल
मामला उजागर होने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्थानीय प्रशासन और पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी इस लापरवाही को कैसे नजरअंदाज करते रहे। क्या संबंधित अधिकारियों की निगरानी में कमी रही या फिर जानबूझकर नियमों की अनदेखी की गई?
अब यह देखना अहम होगा कि प्रशासन इस मामले में सिर्फ निर्देश देकर औपचारिकता निभाता है या फिर जिम्मेदारों पर ठोस कार्रवाई करता है। ग्राम पंचायत में राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़ा यह मामला प्रशासनिक जवाबदेही की असली परीक्षा बन गया है।




0 टिप्पणियाँ