आनंदपुर। आनंदपुर श्री राधारमन सेवा समिति के तत्वावधान में 16 जनवरी से आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का 27 जनवरी को भव्य समापन हुआ। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला आनंदपुर और ओखलीखेड़ा की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें रोमांचक खेल देखने को मिला।
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए आनंदपुर की टीम ने निर्धारित ओवरों में 198 रन बनाए। टीम की ओर से जितेंद्र बघेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 105 रनों की शतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी ने मैच की दिशा तय कर दी और दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओखलीखेड़ा की टीम आनंदपुर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम महज 80 रन पर सिमट गई। इस तरह आनंदपुर की टीम ने फाइनल मुकाबला जीतकर टूर्नामेंट की चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
विजेता टीम आनंदपुर को प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹21,111 की नकद राशि प्रदान की गई। वहीं टूर्नामेंट के बेस्ट बॉलर का पुरस्कार आनंदपुर के दीपक शर्मा को दिया गया, जिन्हें ₹1,100 की राशि और ट्रॉफी प्रदान की गई। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार संजू शर्मा को मिला, जिन्हें ₹1,100 नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अनुज प्रताप दांगी और माखन सिंह जादौन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन नितिन भार्गव द्वारा किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना को बनाए रखने का संदेश दिया।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन से क्षेत्र में खेलों के प्रति खासा उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।




0 टिप्पणियाँ