ओलावृष्टि से खराब फसलों का कलेक्टर ने किया मौके पर निरीक्षण, दो दिन में सर्वे पूरा करने के निर्देश


विदिशा । तहसील के ग्राम लश्करपुर और हररुखेड़ी में ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने बुधवार को खेतों में पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित किसानों से सीधे संवाद कर फसलों को हुए नुकसान की जानकारी ली और वास्तविक स्थिति का आकलन किया। निरीक्षण के समय किसान, सरपंच और ग्रामीणजन मौजूद रहे।
कलेक्टर ने खेतों में खड़ी फसलों को हुए नुकसान का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को राहत देने में किसी भी तरह की देरी नहीं की जाए। मौके पर मौजूद एसडीएम और तहसीलदार को निर्देश दिए गए कि दो दिनों के भीतर फसल क्षति का सर्वे पूरा कर रिपोर्ट तैयार की जाए।
आरबीसी के तहत शीघ्र तैयार हों राहत प्रकरण
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) के प्रावधानों के तहत राहत राशि के प्रकरण तत्काल तैयार किए जाएं, ताकि पात्र किसानों को समय पर सहायता राशि वितरित की जा सके।
कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में प्रशासन किसानों के साथ खड़ा है। शासन की मंशा के अनुरूप प्रभावित कृषकों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने राजस्व और कृषि विभाग के अमले को संयुक्त रूप से कार्य करते हुए पारदर्शिता के साथ सर्वे कार्य पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि वास्तव में प्रभावित किसानों को ही राहत का लाभ मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ