अखबारों और सोशल मीडिया की खबरों पर अब तत्काल जवाबदेही, अधिकारियों को दी फैक्ट चेकिंग की ट्रेनिंग,


विदिशा में जनसंपर्क विभाग की कार्यशाला, सही खबरों पर कार्रवाई और भ्रामक सूचनाओं का समय पर खंडन करने के निर्देश

विदिशा। समाचार पत्रों और सोशल मीडिया पर प्रकाशित खबरों को लेकर अब विभागीय अधिकारियों को अधिक सतर्क और जवाबदेह रहने की जरूरत है। इसी उद्देश्य से कलेक्टर अंशुल गुप्ता की पहल पर विदिशा स्थित एनआईसी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जनसंपर्क विभाग भोपाल की ओर से अधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला में कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों और सोशल मीडिया पर सामने आने वाली सूचनाओं को गंभीरता से लें। किसी खबर में उठाई गई समस्या सही पाई जाती है तो तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें और उसकी जानकारी भी समय पर उपलब्ध कराएं।

वहीं, यदि कोई खबर गलत, भ्रामक या अपुष्ट तथ्यों पर आधारित हो तो संबंधित विभाग वास्तविक स्थिति स्पष्ट करते हुए उसका समय पर खंडन जारी करे। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए खबरों पर समयबद्ध प्रतिक्रिया जरूरी है।

कार्यशाला में भोपाल से आए जनसंपर्क विभाग के मास्टर ट्रेनरों ने अधिकारियों को फैक्ट चेकिंग, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और भ्रामक सूचनाओं की पहचान करने के तरीके बताए। इसके साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी प्रमाणिकता जांचने और ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जानकारी भी दी गई।

प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ