सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश फैलाने के आरोप में युवक पर कार्रवाई, उपजेल भेजा,


महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में प्रशासन सख्त, सिरोंज एसडीएम ने की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

विदिशा/सिरोंज। सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रामक संदेश प्रसारित कर लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बनाने तथा सामाजिक शांति प्रभावित करने के मामले में प्रशासन ने एक व्यक्ति के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। कार्रवाई के बाद आरोपी को उपजेल लटेरी भेज दिया गया।

सिरोंज एसडीएम ओमनारायण सिंह बड़कुल से मिली जानकारी के अनुसार, अनवर जिलानी पिता गुलाम अहमद निवासी ग्राम खुदारापुर, वर्तमान निवासी तलैया मोहल्ला सिरोंज पर सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से भ्रामक संदेश प्रसारित करने और महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़ी शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी सामने आई थी।

प्रशासन के मुताबिक, इन गतिविधियों से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा था। स्थिति यह थी कि कुछ लोग न्यायालय में साक्ष्य देने से भी हिचकिचा रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को एसडीएम न्यायालय में पेश किया।

एसडीएम द्वारा प्रकरण पर विचार करने के बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 एवं संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसके बाद आरोपी को उपजेल लटेरी भेज दिया गया।

प्रशासन ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक सूचनाएं फैलाने, आमजन में भय पैदा करने और सामाजिक सौहार्द एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ