खुद खाली की पिकअप, फिर भी कटी हम्माली; तौल में अंतर पर मंडी में किसान और तुलावटों में बहस,

आनंदपुर मंडी में किसानों की परेशानी: तौल में 10 किलो का अंतर, खुद पिकअप खाली करने पर भी ₹306 हम्माली काटने का आरोप

धर्मकांटे पर तौल को लेकर किसान और तुलावटों में बहस; शिकायत करने पहुंचे किसान को रात में नहीं मिला कोई जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी, पानी के लिए भी भटकना पड़ा

आनंदपुर। कृषि उपज मंडी आनंदपुर में किसानों को उपज बेचने के दौरान व्यवस्थागत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार रात मंडी में तौल के अंतर, हम्माली कटौती और पेयजल व्यवस्था को लेकर किसानों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। किसानों की शिकायतों ने मंडी में तौल और बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

तौल में 10 किलो का अंतर, किसान ने उठाए सवाल

हांजीपुर माता मूडरा से अनाज बेचने आनंदपुर मंडी पहुंचे किसान महेश अहिरवार का धर्मकांटे पर तौल को लेकर तुलावटों से विवाद हो गया। किसान का कहना था कि धर्मकांटे और दूसरे तौल कांटे में करीब 10 किलो अनाज का अंतर सामने आया है। उन्होंने इस अंतर को लेकर आपत्ति जताई।

वहीं मंडी में काम कर रहे तुलावटों का कहना था कि अनाज दो अलग-अलग कांटों पर तौला गया है और बड़े कांटे में 10 किलो तक का अंतर इधर-उधर आ जाता है। दोनों पक्षों के बीच इसी बात को लेकर बहस हुई। ऐसे में किसानों का सवाल है कि तौल व्यवस्था में पारदर्शिता क्यों नहीं सुनिश्चित की जा रही है?

खुद खाली की पिकअप, फिर भी काटे ₹306 हम्माली के

किसान महेश अहिरवार ने व्यापारी पर हम्माली के नाम पर ₹306 काटने का आरोप लगाया। किसान के अनुसार उन्होंने अपनी महिंद्रा पिकअप से अनाज स्वयं खाली किया था, इसके बावजूद भुगतान में हम्माली की राशि काट ली गई। जब उन्होंने काटी गई राशि वापस मांगी तो व्यापारी ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।

किसान का सवाल है कि जब अनाज खाली करने का काम उन्होंने स्वयं किया तो हम्माली किस काम की काटी गई? मंडी में होने वाली प्रत्येक कटौती का स्पष्ट आधार, निर्धारित दर और उसका विवरण किसान को उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि उसे पता रहे कि उसकी उपज के भुगतान से किस मद में कितनी राशि काटी जा रही है।

शिकायत करने पहुंचे किसान को रात में नहीं मिला कोई अधिकारी-कर्मचारी

किसान महेश अहिरवार का कहना है कि तौल और हम्माली कटौती को लेकर वे मंडी में शिकायत करना चाहते थे, लेकिन रात अधिक हो जाने के कारण उन्हें मंडी परिसर में कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी नहीं मिला। ऐसे में किसान अपनी शिकायत किसके सामने रखे और तत्काल समाधान के लिए किससे संपर्क करे, यह भी सवाल बना हुआ है।

यदि मंडी में रात के समय भी किसानों की उपज की तुलाई और अन्य कार्य संचालित होते हैं, तो शिकायतों के निराकरण के लिए जिम्मेदार कर्मचारी या संपर्क व्यवस्था उपलब्ध होना भी जरूरी है।

रात 10 बजे पानी के लिए बाजार जाने की मजबूरी

मंडी में पेयजल व्यवस्था को लेकर भी किसान परेशान दिखाई दिए। फाजलपुर से मंडी में उपज बेचने आए किसान रामकृष्ण लोधी ने बताया कि खाना खाने के बाद जब वे पानी लेने पहुंचे तो मंडी की टंकी में पानी ही उपलब्ध नहीं था। ऐसे में रात करीब 10 बजे पानी लेने के लिए मंडी परिसर से बाहर बाजार की ओर जाना पड़ा।

दूर-दराज से उपज बेचने आने वाले किसानों को कई बार रात तक मंडी में रुकना पड़ता है। ऐसे में पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध रहना जरूरी है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ