समाचार पत्र-पत्रिकाओं के प्रकाशन, पत्रकार सम्मान निधि और अधिमान्यता व्यवस्था की समीक्षा; मीडिया के साथ बेहतर समन्वय बनाने पर दिया जोर
विदिशा। मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग के आयुक्त मनीष सिंह ने विदिशा प्रवास के दौरान जिला जनसंपर्क कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, विभागीय गतिविधियों और पत्रकारों से संबंधित योजनाओं की जानकारी लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने जिले से प्रकाशित होने वाले दैनिक, साप्ताहिक और मासिक समाचार पत्र-पत्रिकाओं के प्रकाशन एवं नियमितता की जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही पत्रकार सम्मान निधि योजना के तहत लाभान्वित पत्रकारों, अधिमान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या और अधिमान्यता संबंधी प्रक्रिया की भी समीक्षा की।
पत्रकार हितों और विभागीय व्यवस्थाओं पर चर्चा
मनीष सिंह ने कार्यालय में संधारित अभिलेखों, विभागीय पत्राचार, समाचार संकलन और शासन की गतिविधियों के प्रचार-प्रसार से संबंधित कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने पत्रकारों के हित में संचालित योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी व्यवस्थित रूप से रखने पर भी जोर दिया।
योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े निर्णयों की जानकारी आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना जनसंपर्क विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ बेहतर समन्वय बनाकर प्रमाणिक एवं तथ्यपरक सूचनाओं का समय पर प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर जिला परिवहन अधिकारी गिरिजेश वर्मा सहित जिला जनसंपर्क कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




0 टिप्पणियाँ