विदिशा। निर्धारित बस स्टॉपेज पर नहीं पहुंचने वाली यात्री बसों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कार्रवाई की है। शमशाबाद बस स्टैंड को छोड़कर महानीम चौराहे से सीधे निकलने वाली दो बसें जांच के दौरान नियम विरुद्ध संचालित मिलीं। विभाग ने दोनों बसों पर 10-10 हजार रुपए का शमन शुल्क लगाया।
कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देश पर जिला परिवहन अधिकारी गिरिजेश वर्मा ने महानीम चौराहे और शमशाबाद में वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग श्रेणियों के वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन मिलने पर कुल 17 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 31 हजार 500 रुपए का शमन शुल्क वसूला गया।
परिवहन विभाग को शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ यात्री बसें शमशाबाद बस स्टैंड पर निर्धारित स्टॉपेज होने के बावजूद वहां नहीं पहुंचतीं और महानीम चौराहे से सीधे निकल जाती हैं। इससे बस स्टैंड से यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी होती है।
शिकायतों के आधार पर जांच के दौरान दो बसें निर्धारित स्टॉपेज पर पहुंचे बिना संचालित होती मिलीं। दोनों पर 10-10 हजार रुपए की कार्रवाई की गई।
त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने और सुरक्षा मानकों की भी जांच की गई। जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि निर्धारित स्टॉपेज और यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।




0 टिप्पणियाँ