20 दिन तक शिकायत लंबित रखने और पोर्टल पर जवाब दर्ज नहीं करने पर कार्रवाई, दोनों अधिकारियों पर एक-एक हजार रुपये का जुर्माना
दमोह। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतना बिजली विभाग के दो अधिकारियों को भारी पड़ गया। शिकायत को करीब 20 दिनों तक लंबित रखने और उसका जवाब पोर्टल पर दर्ज नहीं करने के मामले में विभाग ने दोनों अधिकारियों के वेतन से एक-एक हजार रुपये की कटौती के आदेश जारी किए हैं।
जानकारी के अनुसार, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने समय-सीमा बैठक में सीएम हेल्पलाइन की अनअटेंड शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षण अभियंता श्री चौहान को संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, उत्तर संभाग दमोह ने यह कार्रवाई की। जारी आदेश के मुताबिक, सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर एक शिकायत लगभग 20 दिनों से लंबित थी। संबंधित अधिकारियों द्वारा न तो शिकायत का निराकरण किया गया और न ही समय पर जवाब दर्ज किया गया। इसके चलते शिकायत एल-1 स्तर से बढ़कर एल-2 स्तर पर पहुंच गई।विभाग ने इसे कार्य के प्रति लापरवाही और उदासीनता मानते हुए हटा शहर वितरण केंद्र में पदस्थ प्रभारी कनिष्ठ अभियंता अजीत पटेल और पटेरा वितरण केंद्र में पदस्थ सहायक अभियंता रविशंकर तिवारी के वेतन से एक-एक हजार रुपये की कटौती के आदेश जारी किए हैं।
यह आदेश कार्यपालन अभियंता, मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, उत्तर संभाग दमोह द्वारा जारी किया गया है। कार्रवाई के बाद विभागीय अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।




0 टिप्पणियाँ