जावती में रास्ते पर चबूतरे बनने से आवागमन बाधित, ग्रामीणों को परेशानी,





खाराकुआ मोहल्ले में ट्रैक्टर सहित अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित, नाली में पत्थर रखने से सीसी रोड पर बह रहा पानी

लटेरी। विकासखंड लटेरी की ग्राम पंचायत जावती के खाराकुआ मोहल्ले में रास्ते पर चबूतरे बनाए जाने और नाली में बड़े-बड़े पत्थर रखे जाने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, रास्ते में चबूतरे होने के कारण ट्रैक्टर सहित अन्य वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है। वहीं, नाली का पानी सीसी रोड पर बहने से भी समस्या उत्पन्न हो रही है।

इस संबंध में ग्राम पंचायत जावती के सरपंच दिमानसिंह कुशवाह ने अनुविभागीय अधिकारी को आवेदन देकर समस्या के निराकरण की मांग की है। मोहल्ले में दिमान पुत्र हजारीलाल कुशवाह के घर के पास चबूतरा बना होने से वाहनों को निकलने में परेशानी होती है। इसी तरह हरगोविंद पुत्र रामप्रसाद कुशवाह के घर के पास बने चबूतरे के कारण भी ट्रैक्टर और अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की बात कही गई है।
विवाद की आशंका, कार्रवाई की मांग

सरपंच के अनुसार, रास्ते में बाधा उत्पन्न होने से ग्रामीण परेशान हैं। वर्तमान में बोवनी का समय होने के कारण किसानों को ट्रैक्टर सहित कृषि कार्यों में उपयोग होने वाले वाहनों के आवागमन में परेशानी हो सकती है। आवेदन में यह भी आशंका जताई गई है कि रास्ते को लेकर विवाद की स्थिति बन सकती है।

सरपंच ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर रास्ते में आवागमन की बाधा दूर कराने तथा नाली की समस्या का निराकरण कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ