पीएम आवास टूटने पर विधायक नाराज, पीड़ित को साथ लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे


विधायक ने 10 हजार रुपए की तत्काल सहायता दी, स्वेच्छानुदान से 25 हजार दिलाने का आश्वासन

सिरोंज। ग्राम बरेंडा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए पक्के मकान को तोड़े जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। कार्रवाई से प्रभावित मुंशीलाल कुशवाहा की शिकायत सामने आने के बाद सिरोंज विधायक उमाकांत शर्मा ने मामले में हस्तक्षेप किया। विधायक पीड़ित को अपने साथ लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के सामने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी।

पीड़ित मुंशीलाल ने बताया कि वह भूमिहीन है और करीब 10 वर्षों से सर्वे क्रमांक 321 की कुल 0.899 हेक्टेयर भूमि में से 0.090 हेक्टेयर हिस्से पर परिवार के साथ रह रहा था। इसी स्थान पर प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पक्का मकान बनाया गया था, जिसमें परिवार निवास कर रहा था।

नोटिस के बाद अगले दिन तोड़ दिया मकान

पीड़ित का आरोप है कि राजस्व विभाग की ओर से अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया गया था। इसके बाद मकान खाली करने या कार्रवाई की कोई निश्चित तारीख बताए बिना अगले ही दिन मकान तोड़ दिया गया। कार्रवाई के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। परिवार में बुजुर्ग तुलसा बाई सहित कुल 17 सदस्य बताए गए हैं।

समाज के लोगों ने भी विधायक से की मुलाकात

मामले को लेकर कुशवाहा समाज के प्रतिनिधिमंडल ने भी विधायक उमाकांत शर्मा से मुलाकात की और पीड़ित परिवार की स्थिति से अवगत कराया। विधायक ने कहा कि किसी परिवार के पक्के मकान पर कार्रवाई करने से पहले सभी संबंधित तथ्यों और परिस्थितियों की जांच किया जाना जरूरी है।

एसडीएम के सामने रखी मांग

विधायक पीड़ित को साथ लेकर एसडीएम ओमनारायण बड़कुल के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही भूमिहीन परिवार को नियमानुसार भूमि उपलब्ध कराने, उचित मुआवजा दिलाने और दोबारा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग अधिकारियों के सामने रखी।

विधायक ने दी तत्काल आर्थिक मदद

विधायक ने पीड़ित मुंशीलाल को व्यक्तिगत रूप से 10 हजार रुपए की नगद सहायता दी। इसके अलावा स्वेच्छानुदान निधि से 25 हजार रुपए की आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन भी दिया। विधायक के हस्तक्षेप के बाद अब पीड़ित परिवार को प्रशासनिक जांच और राहत की उम्मीद है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ