जंगल के पास खेत में छिपाकर रखा 700 लीटर महुआ लहान नष्ट


अवैध शराब निर्माण की सूचना पर लटेरी पुलिस की कार्रवाई, हाथ भट्टी लगाने की तैयारी थी

लटेरी। अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लटेरी पुलिस ने फतेहगढ़-ताजपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए जंगल के पास खेत में छिपाकर रखा बड़ी मात्रा में महुआ लहान बरामद किया। पुलिस के अनुसार मौके से करीब 500 से 700 लीटर महुआ लहान मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने बरामद लहान को मौके पर ही नियमानुसार नष्ट कर दिया।

पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में अवैध रूप से कच्ची शराब बनाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एसडीओपी अमरेश बोहरे के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी बीभेंदू व्यंकट टांडिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फतेहगढ़-ताजपुर क्षेत्र में दबिश दी।

तलाशी के दौरान जंगल से लगे खेत में संदिग्ध रूप से छिपाकर रखा गया महुआ लहान पुलिस को मिला। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई गई कि इस लहान का उपयोग हाथ भट्टी के जरिए कच्ची शराब तैयार करने में किया जाना था। पुलिस टीम ने मौके पर ही लहान को नियमानुसार नष्ट कर दिया, जिससे अवैध शराब निर्माण की संभावना को रोका जा सके।

पुलिस ने क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की बात कही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने जंगल और आसपास के खेतों में भी तलाशी ली।

लटेरी पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब निर्माण में शामिल लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ