मुख्यमंत्री जन विश्वास योजना के तहत निशोवर्री और नैनवासखुर्द में विद्यार्थियों को कॉपी-पेन, स्कूल बैग और शैक्षणिक सामग्री वितरित



लटेरी/विदिशा। मुख्यमंत्री जन विश्वास योजना के अंतर्गत जिला शिक्षा अधिकारी विदिशा नरेंद्र कुमार अहिरवार एवं नाप तोल निरिक्षक सुश्री निधी श्रीवास्तव ने ग्राम पंचायत निशोवर्री का भ्रमण कर विद्यालय सहित विभिन्न शासकीय व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई और ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार अहिरवार एवं सीएसी बृजमोहन शर्मा की उपस्थिति में विद्यार्थियों को कॉपी-पेन वितरित किए गए। वहीं शाला के लिए दीवार घड़ी, कक्षाओं के लिए चार्ट एवं टीएलएम सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।
कक्षा 1 से 5वीं तक के 72 विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए गए। इसके बाद अधिकारियों ने विद्यालय में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।

पंचायत, आंगनबाड़ी और राशन दुकान का किया निरीक्षण

भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने ग्राम पंचायत, आंगनबाड़ी केंद्र एवं राशन दुकान का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गांव में घूमकर नालियों और सड़कों की स्थिति का जायजा लिया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। इसके अलावा अधिकारियों ने नैनवासखुर्द गांव का भी निरीक्षण किया। यहां विद्यालय के 30 विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए गए।

अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास योजना के तहत आमजन की समस्याओं के निराकरण के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ