विदिशा/लटेरी। आनंदपुर थाना क्षेत्र से अपहृत 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को पुलिस ने गुना रेलवे स्टेशन से सकुशल दस्तयाब कर लिया। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को आनंदपुर थाना क्षेत्र से 17 वर्षीय नाबालिग बालिका के अपहरण की सूचना मिली थी। इस पर थाना आनंदपुर में अपराध क्रमांक 155/26 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी ओमबाबू पिता गेंदालाल प्रजापति ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद प्रकरण में धारा 87 बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा 11(4)/12 का भी इजाफा किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन में पुलिस टीम ने नाबालिग की लगातार तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बालिका को गुना रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया।
आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
पुलिस ने आरोपी ओमबाबू प्रजापति, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम मोतीपुर, हाल निवास कस्बा आनंदपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राकेश रघुवंशी, सउनि जगदीश भिलाला, आरक्षक विजय शर्मा, अनिल डोडियार और दीपक रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




0 टिप्पणियाँ