सिरोंज। मंडी में हम्माल विक्रम अहिरवार को गोली मारे जाने की घटना के विरोध में सोमवार को अहिरवार समाज और विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल ने संयुक्त रूप से विरोध जुलूस निकाला। पुराना बस स्टैंड से शुरू हुआ जुलूस बाबा साहेब अंबेडकर की रोटरी होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोपी अमीर माबिया के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और “हिस्ट्रीशीटर का घर तोड़ो, बुलडोजर चलाओ” जैसे नारे लगाए।
एसडीएम कार्यालय पहुंचकर दोनों संगठनों ने अपनी-अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य बारेलाल अहिरवार भी मौजूद रहे।
घटना की निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
अहिरवार समाज संघ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम एसडीएम ओमनारायण बड़कुल को 8 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। समाज ने 12 सितंबर को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के बाहर विक्रम अहिरवार को गोली मारे जाने की घटना की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में सभी आरोपियों और उनके सहयोगियों की भूमिका की जांच कर कठोर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को सुरक्षा एवं आर्थिक सहायता तथा मंडी में हम्माल और श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग रखी गई।
समाज ने आरोपी अमीर माबिया और उसके परिवार के खिलाफ दर्ज पुराने मामलों की जांच, हथियार के स्रोत का पता लगाने तथा प्रकरण में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराएं जोड़ने की मांग भी की। साथ ही आरोपी के खिलाफ दर्ज मामलों की समीक्षा कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई।
त्योहारों के दौरान माहौल खराब करने का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा हिंदू त्योहारों के दौरान शहर का माहौल खराब कर भय का वातावरण बनाने का प्रयास किया जाता है। संगठन ने संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई तथा आरोपी के भाई के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की मांग की।
विहिप-बजरंग दल ने मंडी में परिचय पत्र व्यवस्था की मांग उठाई
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने मंडी में आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लाइसेंसधारी हम्मालों और तुलावटियों को परिचय पत्र जारी करने की मांग की। संगठन का कहना है कि इससे बाहरी लोगों के प्रवेश पर नियंत्रण किया जा सकेगा और वसूली जैसी गतिविधियों पर भी अंकुश लगेगा।
संगठन ने आरोपी अमीर माबिया और उसके साथियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा हथियार के स्रोत की जांच कराने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।




0 टिप्पणियाँ