वन अमले पर पथराव के बीच 27 नग इमारती सागौन जब्त, अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी फरार


लटेरी। वन परिक्षेत्र लटेरी दक्षिण के अंतर्गत धीरगढ़ बीट के कक्ष क्रमांक 309 में अवैध सागौन कटाई के खिलाफ वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए 27 नग इमारती सागौन लकड़ी जब्त की है। कार्रवाई के दौरान जंगल में सागौन की कटाई कर रहे संदिग्ध लोगों ने वन अमले पर गोफन से पत्थरबाजी कर दी। घटना में वन विभाग के डिप्टी रेंजर के फिसलकर गिरने से अंदरूनी चोटें आने की जानकारी सामने आई है।

वन विभाग के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को वनमंडलाधिकारी विदिशा के निर्देश एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी विवेक चौधरी के निर्देशन में टीम धीरगढ़ क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान जंगल में करीब 10 से 12 लोग सागौन के पेड़ काटकर लकड़ी ले जाने का प्रयास करते हुए दिखाई दिए।

वन अमले को अपनी ओर आता देखकर संदिग्ध लोगों ने गोफन से पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। बारिश के कारण जंगल में कीचड़ और फिसलन होने तथा क्षेत्र पहाड़ी एवं दुर्गम होने से वनकर्मियों को आगे बढ़ने में काफी परेशानी हुई। पत्थरबाजी के बीच टीम ने सुरक्षा की दृष्टि से पीछे हटकर बख्तरबंद वाहन की आड़ ली।

इसी दौरान पीछे हटते समय डिप्टी साहब के फिसलकर गिरने से उन्हें अंदरूनी चोटें आईं। हालांकि पत्थर लगने से किसी अन्य वनकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। शाम का समय और अंधेरा होने का फायदा उठाकर संदिग्ध व्यक्ति जंगल की ओर भाग निकले।

विषम परिस्थितियों के बावजूद वन अमले ने कार्रवाई जारी रखी और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में काफी मशक्कत के बाद 27 नग इमारती सागौन लकड़ी बरामद कर जब्त की। बरामद लकड़ी को सुरक्षित रूप से वन विभाग के कब्जे में लिया गया।

कार्रवाई में ये कर्मचारी रहे शामिल

कार्रवाई में पुष्पेंद्र सिंह डामोर, वन चौकी प्रभारी बैरागढ़, गणेश अहिरवार, बीटगार्ड मुंडेला, राकेश भील, बीटगार्ड पोरिया, राधेश्याम कुशवाह, बीटगार्ड धीरगढ़, शिवम् अहिरवार, बीटगार्ड चोपड़ा, SAF दल के जवान विजय कुमार द्विवेदी एवं अंकित रैकवार, वाहन चालक संतोष विश्वकर्मा एवं दीपक व्यास तथा स्थायी कर्मी धूल सिंह भील शामिल रहे।

वन विभाग ने बताया कि वन अपराधों की रोकथाम और जंगलों की सुरक्षा के लिए लगातार गश्त एवं कार्रवाई की जा रही है। वन अमले पर पथराव करने तथा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

— तहसील संवाददाता शुभम सोनी
Anandpur–Lateri

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ