कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर जाना हाल, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

जनसंवाद के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक हितग्राही तक पहुंचाने की पहल

विदिशा।‌ कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने आज जिले की ग्राम पंचायत उनारसीकला एवं कालादेव का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं की जानकारी ली। कलेक्टर का यह फील्ड विजिट पूर्णतः जनसंवादमुखी रहा, जिसमें प्रशासन ने ग्रामीणों के साथ मिलकर समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए।

भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री गुप्ता के समक्ष कुल 26 ग्रामीणों द्वारा आवेदन प्रस्तुत किए गए। इनमें प्रमुख रूप से भूमि से संबंधित विवाद, शासन योजनाओं से लाभान्वित न हो पाने की समस्या, आवास, पट्टा वितरण तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े विषय शामिल रहे।

कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर गंभीरता से सुनवाई की और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक समस्या का समयबद्ध एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को शासन की योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो सके।

श्री गुप्ता ने प्रस्तुत आवेदनों में से चार प्रकरणों को टीएल (टाइम लिमिट) बैठक के एजेंडा में शामिल करने के निर्देश भी दिए, जिससे उनके निराकरण की साप्ताहिक समीक्षा की जा सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदन को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए और समाधान की स्थिति की सतत मॉनिटरिंग की जाए।

कलेक्टर ने इस अवसर पर ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि शासन की सभी योजनाएं जनता के हित के लिए हैं, अतः प्रत्येक हितग्राही तक उनका लाभ पहुँचना जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं की जानकारी लेने और पात्रता अनुसार आवेदन करने का आग्रह किया।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से गांवों का दौरा करें, जनसमस्याओं की जानकारी लें और गांव स्तर पर ही समाधान सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

निरीक्षण भ्रमण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री ओ.पी. सनोडिया, लटेरी एसडीएम श्री नितिन जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

यह जनसंवाद न केवल प्रशासनिक सक्रियता का प्रतीक रहा, बल्कि शासन की योजनाओं को “जन-जन तक, त्वरित समाधान के साथ” पहुंचाने की दिशा में एक प्रभावी पहल साबित हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ