कलेक्टर ने ग्राम बाजना में किया औचक निरीक्षण विद्यालय और गौशाला की व्यवस्थाओं की क्रॉस मॉनिटरिंग, लापरवाही पर सख्ती



विदिशा/लटेरी। कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने जिले के दूरस्थ ग्राम बाजना का औचक निरीक्षण किया। यह पहली बार था जब कलेक्टर इस सीमावर्ती क्षेत्र में पहुंचे और गांव की जमीनी व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने ग्राम स्थित एकीकृत माध्यमिक शाला और श्रीकृष्ण गौशाला का निरीक्षण करते हुए शासन स्तर से प्रदान की जा रही सुविधाओं की क्रॉस मॉनिटरिंग की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, शिक्षकों की हाजिरी, मिड-डे मील व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति और परिसर की स्वच्छता की विस्तृत जांच की। इस दौरान कुछ अनियमितताएं सामने आने पर उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन काटने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके बाद कलेक्टर गुप्ता ने श्रीकृष्ण गौशाला का निरीक्षण किया और वहां पशुओं की देखभाल, चारा-पानी की उपलब्धता, साफ-सफाई व प्रबंधन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने गौशाला प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए कि पशुओं की देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ जन-जन तक सही रूप में पहुंचे, यह प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाए ताकि किसी भी स्तर पर उदासीनता की गुंजाइश न रहे।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के जिला और खंड स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। कलेक्टर का यह दौरा प्रशासनिक सख्ती और जवाबदेही को लेकर सक्रियता का प्रतीक माना जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ