लटेरी। कॉलोनी में रास्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद अब तूल पकड़ चुका है। मामले में वन विभाग और जनपद पंचायत के कर्मचारियों सहित कई लोगों पर एससी/एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
पुलिस के मुताबिक, दक्षिण रेंज के डिप्टी रेंजर जितेंद्र शर्मा, उत्तर रेंज के नाकेदार कुलदीप श्रीवास्तव, जनपद पंचायत में पदस्थ बीसी प्रमोद शर्मा और अन्य के खिलाफ गाली-गलौज व विवाद करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। दूसरी ओर, प्रमोद शर्मा की शिकायत पर अनिल पंथी और ऋषभ पंथी के खिलाफ भी मामला कायम किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कॉलोनी में रास्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई। मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
वायरल वीडियो में एक पक्ष के व्यक्ति को फरसा लेकर दूसरे पक्ष की ओर दौड़ते देखा जा रहा है। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद लोगों में चर्चा का माहौल है।
दूसरे पक्ष का कहना है कि कॉलोनी में अवैध कब्जे किए गए हैं और उनके प्लॉट पर भी कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी। उनका दावा है कि वे जमीन की नाप के लिए गए थे और उनके पास कोई हथियार नहीं था। साथ ही, कुछ लोगों के नाम गलत तरीके से रिपोर्ट में शामिल किए गए हैं।
प्रशासनिक कार्रवाई पर नजर
घटना के बाद अब लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर है। सवाल उठ रहे हैं कि जिम्मेदार पदों पर पदस्थ कर्मचारियों पर क्या सख्त कदम उठाए जाएंगे या मामला सिर्फ जांच तक सीमित रहेगा।




0 टिप्पणियाँ