दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान में बोले – खेती के साथ पशुपालन अपनाएं, बढ़ाएं आमदनी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ‘किसानों की दुगुनी आमदनी’ के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार ने उन्नत नस्ल के पशुपालन को बढ़ावा देने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। इसी क्रम में पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल ने मंगलवार को ग्राम क्योटा में आयोजित दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान कार्यक्रम में किसानों को संबोधित किया।
श्री पटेल ने कहा कि किसानों की आमदनी दोगुनी करने का सबसे सशक्त माध्यम पशुपालन है। उन्होंने कहा, “खेती की उपज अब अपनी चरम सीमा पर है — प्रति एकड़ 25 से 30 क्विंटल तक उत्पादन हो रहा है, जबकि दुग्ध उत्पादन में अपार संभावनाएं मौजूद हैं। जितनी अधिक गाय-भैंसें पालेंगे, उतना अधिक मुनाफा कमा सकेंगे।”
उन्होंने यह भी कहा कि नौकरी में आमदनी सीमित होती है, जबकि खेती, फलोद्यान और दुग्ध उत्पादन में असीमित संभावनाएं हैं। बस जरूरत है गंभीरता से आधुनिक संसाधनों के सदुपयोग की।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने ग्राम क्योटा के सफल पशुपालक श्री नितिन दांगी की डेयरी का निरीक्षण किया।
श्री दांगी ने बताया कि वे वर्ष 2017 से डेयरी संचालन कर रहे हैं और शासन की योजनाओं से जुड़कर अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कृत्रिम गर्भाधान (AI) और भ्रूण स्थानांतरण तकनीक (EDT) के माध्यम से नस्ल सुधार का कार्य किया जा रहा है, जिससे अब तक चौथी पीढ़ी की बछिया तैयार हो चुकी है।
नस्ल सुधार पर विशेष ध्यान
श्री पटेल ने बताया कि प्रदेश में गौवंशीय नस्ल सुधार के लिए कृत्रिम गर्भाधान अभियान विशेष रूप से संचालित किया जा रहा है ताकि देशी नस्ल की गायों से उन्नत नस्ल की बछिया जन्म ले सके।
उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जा रहा है। प्रत्येक गाय की गर्भाधान से लेकर परिणाम तक की निगरानी अब प्रदेश स्तर से की जा रही है।
सड़कों पर विचरण करती गायों का समाधान
श्री पटेल ने बताया कि सड़कों पर आवारा गौवंश की समस्या के समाधान हेतु प्रदेश में व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। प्रथम चरण में प्रत्येक जिले में 5 से 10 हजार गौवंश की क्षमता वाली गौशालाएं स्थापित की जा रही हैं। आवश्यकता पड़ने पर इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी।
कार्यक्रम में श्री कैलाश रघुवंशी ने भी विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार डामोर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत चौबे, एसडीएम श्रीमती शशि मिश्रा, उप संचालक डॉ. एन.के. शुक्ला सहित विभागीय अधिकारी, ग्रामीणजन एवं मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।




0 टिप्पणियाँ