औषधि निरीक्षक की कार्रवाई, संदिग्ध दवा का स्टॉक नहीं मिला, संचालकों को बिल प्रस्तुत करने के निर्देश
लटेरी विदिशा, 09 अक्टूबर 2025। जिले में अवमानक दवाओं की रोकथाम के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ कार्यालय नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश, भोपाल तथा कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देश पर औषधि निरीक्षकों द्वारा जिलेभर के मेडिकल स्टोर्स पर नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है।
औषधि निरीक्षक, जिला गुना से प्राप्त सूचना के अनुसार RespiFresh TR 60 ml (Batch No. RO1GL2523) नामक दवा का विक्रय गुना से तहसील लटेरी के लिए किया गया था। सूचना के आधार पर औषधि निरीक्षक, विदिशा द्वारा गुरुवार को लटेरी स्थित धाकड़ मेडिकल स्टोर एवं श्याम मेडिकल स्टोर का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान संबंधित दवा का कोई स्टॉक नहीं मिला। निरीक्षक ने दोनों मेडिकल संचालकों को उक्त दवा से संबंधित खरीदी एवं विक्रय बिल तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में औषधि निरीक्षक ने तहसील सिरोंज स्थित नेमा मेडिकल का भी निरीक्षण किया, जहां अन्य बैच नंबरों की दवाओं के चार नमूने लिए गए तथा 20 बोतलें जांच हेतु फ्रिज की गई हैं। संचालक को निर्देशित किया गया है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक संबंधित दवाओं का विक्रय न करें तथा जहां-जहां यह दवा वितरित की गई है, उन्हें तत्काल वापस मंगाकर जानकारी जिला कार्यालय को दें।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा बताया गया है कि जिले में अवमानक या संदिग्ध दवाओं के विरुद्ध यह जांच और कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।




0 टिप्पणियाँ