लटेरी/आनंदपुर, प्रतिनिधि। वेयरहाउसों में गेहूं तुलाई के दौरान कथित अनियमितताओं से नाराज किसानों ने शुक्रवार को आनंदपुर स्थित गोवर्धन वेयरहाउस और पालीवाल वेयरहाउस के सामने लटेरी-आरोन रोड पर चक्काजाम कर दिया। किसानों ने समिति सदस्यों पर मनमानी करने तथा तुलाई प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगाए।
किसानों का आरोप है कि समिति सदस्यों द्वारा रात के समय कुछ वरिष्ठ किसानों से सांठगांठ कर गेहूं की तुलाई की जा रही है, जबकि अन्य किसानों को परेशान किया जा रहा है। प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बताया कि हम्मालों द्वारा प्रत्येक बोरी पर करीब 2 से 3 किलो अतिरिक्त गेहूं लिया जा रहा है। वहीं सर्वेयर द्वारा भी हर ट्रॉली से लगभग 5 से 6 किलो गेहूं अलग से भर लिया जाता है।
तहसीलदार भास्कर रघुवंशी और खाद्य अधिकारी अंजना इक्का मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से चर्चा कर मौके पर पंचनामा तैयार किया और आश्वस्त किया कि अब किसी भी किसान से निर्धारित मात्रा से अधिक गेहूं नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में इस प्रकार की शिकायत सामने आई तो संबंधित समिति सदस्यों और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
किसान राजाराम अहिरवार ने बताया कि हम्माल प्रत्येक बोरी पर करीब 1 किलो अतिरिक्त गेहूं ले रहे हैं, जबकि सर्वेयर भी अपनी थैली में करीब 5 किलो गेहूं भर रहे हैं, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
खाद्य अधिकारी अंजना इक्का ने बताया कि मामले का पंचनामा तैयार कर जिला प्रशासन को भेजा जा रहा है। जांच के बाद समिति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही हम्मालों द्वारा हुई गलती की भरपाई भी उनसे ही कराई जाएगी।




0 टिप्पणियाँ