नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: गंजबासौदा में 11 आरोपी गिरफ्तार

18 ग्राम ब्राउन शुगर, 147 लीटर शराब समेत करीब ₹9 लाख का मशरूका जब्त

विदिशा/गंजबासौदा। नशे के कारोबार के खिलाफ विदिशा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गंजबासौदा शहर और देहात थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 18 ग्राम ब्राउन शुगर, 147 लीटर अवैध शराब, 500 एबल के इंजेक्शन, 70 सिरिंज, 32 मोबाइल फोन और एक अपाचे बाइक बरामद की गई। पुलिस के अनुसार जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 9 लाख रुपए है।
पुलिस के मुताबिक, एसपी रोहित काशवानी के निर्देशन में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत गंजबासौदा शहर और देहात थाना पुलिस की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान दो आरोपियों के कब्जे से 18 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। वहीं अन्य आरोपियों से देशी शराब और कच्ची जहरीली शराब जब्त की गई।
32 मोबाइल और अपाचे बाइक भी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 32 टच स्क्रीन मोबाइल फोन और एक अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।
नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी ने बताया कि नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ