595 हेक्टेयर वन भूमि अतिक्रमण से मुक्त, 311 वन अपराध दर्ज; रेंजर विवेक चौधरी को मिला कमेंडेशन डिस्क,

सागौन तस्करी पर कार्रवाई में 3,559 नग लकड़ी जब्त, 39 वाहन भी कार्रवाई के दायरे में आए; वन अमले के सामूहिक प्रयासों को मिला सम्मान

लटेरी/विदिशा।
वन संपदा की सुरक्षा, अतिक्रमण हटाने और अवैध लकड़ी के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए दक्षिण लटेरी वन परिक्षेत्र में की गई कार्रवाइयों को राज्य स्तर पर सराहना मिली है। वन परिक्षेत्र अधिकारी दक्षिण लटेरी विवेक चौधरी को उत्कृष्ट कार्यों के लिए 1 नवंबर 2026 को प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख, मध्यप्रदेश की ओर से कमेंडेशन डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

दक्षिण लटेरी वन परिक्षेत्र में वन भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 595 हेक्टेयर क्षेत्र को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। इसके साथ ही वन क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने और सागौन की उपलब्धता को मजबूत करने के उद्देश्य से 450 हेक्टेयर क्षेत्र में सागौन रूट-शूट रोपण कराया गया।

311 वन अपराध दर्ज, करीब 29 लाख की सागौन जब्त

वन अपराधों पर नियंत्रण के लिए गश्ती व्यवस्था मजबूत करने और लगातार निगरानी के परिणामस्वरूप वन परिक्षेत्र में 311 प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से परिवहन और संग्रहित की जा रही सागौन की 3,559 नग लकड़ी जब्त की गई। इसकी कुल मात्रा 99.875 घन मीटर तथा अनुमानित बाजार कीमत 28 लाख 97 हजार 485 रुपये बताई गई है।

वन संपदा की तस्करी में उपयोग किए जा रहे वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। इस दौरान 37 मोटरसाइकिल, एक बोलेरो पिकअप और एक मैसी ट्रैक्टर सहित कुल 39 वाहन जब्त कर राजसात की कार्रवाई की गई। वहीं, वन्यजीवों के शिकार से जुड़े एक गंभीर मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मजबूत की वन सुरक्षा व्यवस्था

लटेरी क्षेत्र में वन संरक्षण के दौरान कई बार चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण परिस्थितियां भी सामने आईं। इसके बावजूद वन अमले और ग्राम वन समितियों को सक्रिय करते हुए वन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास किए गए। नियमित गश्ती, अतिक्रमण हटाने और वन अपराधों पर कार्रवाई के साथ वन्यप्राणियों की सुरक्षा पर भी ध्यान दिया गया।

इस उपलब्धि को केवल एक अधिकारी के व्यक्तिगत प्रयास के बजाय पूरी वन टीम की सामूहिक मेहनत का परिणाम माना जा रहा है। वनरक्षकों, वनपालों और अन्य कर्मचारियों ने कठिन परिस्थितियों में लगातार क्षेत्रीय निगरानी और कार्रवाई में भूमिका निभाई। रेंजर विवेक चौधरी को मिला यह सम्मान दक्षिण लटेरी वन परिक्षेत्र में वन संरक्षण के लिए किए गए इन्हीं समन्वित प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ