छोटे से गांव रामगढ़ की बेटी मनीषा धाकड़ SI परीक्षा में चयनित, क्षेत्र में खुशी की लहर

लटेरी। तहसील की टोकरा पंचायत के छोटे से गांव रामगढ़ की बेटी मनीषा धाकड़ का सब-इंस्पेक्टर (SI) परीक्षा में चयन होने पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों के बीच पली-बढ़ी मनीषा ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर यह सफलता हासिल की है।

मनीषा के पिता भगवत सिंह धाकड़ लटेरी शिक्षक विभाग में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। परिवार ने हमेशा उन्हें शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित किया, जिसका परिणाम आज पूरे क्षेत्र के सामने है।

मनीषा का जन्म ग्राम पंचायत टोंकरा के गांव रामगढ़ में हुआ, जहां उस समय प्राथमिक विद्यालय की सुविधा भी उपलब्ध नहीं थी। उन्होंने कक्षा 1 से 8 तक की शिक्षा माध्यमिक शाला टोकरा से प्राप्त की। इसके बाद कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई शासकीय मॉडल स्कूल, लटेरी से पूरी की।

उच्च शिक्षा के लिए मनीषा भोपाल गईं, जहां उन्होंने नूतन कॉलेज, भोपाल में अध्ययन किया। कॉलेज की पढ़ाई के साथ ही उन्होंने वहीं रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी। लगातार परिश्रम और समर्पण का परिणाम रहा कि उनका चयन SI परीक्षा में हो गया।

मनीषा की इस उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों, शिक्षकों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। ग्रामीणों का कहना है कि मनीषा की सफलता क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक है तथा यह साबित करती है कि कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत से बड़ी सफलता प्राप्त की जा सकती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ