गुना अस्पताल में चौंकाने वाला मामला: 15 साल की किशोरी ने मृत बच्चे को दिया जन्म


ब्यावरा/गुना। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले से एक संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां 15 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म के बाद गर्भवती होने का मामला उजागर हुआ। घटना का खुलासा तब हुआ जब तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए गुना जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकीय जांच में नाबालिग के पूर्ण अवधि की गर्भवती होने की पुष्टि हुई। बाद में उसने अस्पताल में एक मृत शिशु को जन्म दिया।

परिजनों के अनुसार, उन्हें नाबालिग के गर्भवती होने की कोई जानकारी नहीं थी। अस्पताल में जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हुई, जिसके बाद डॉक्टरों ने तत्काल प्रसव कराया। फिलहाल पीड़िता का जिला अस्पताल गुना के मातृत्व वार्ड में उपचार जारी है।

गांव के नाम को लेकर पुलिस रही असमंजस में

मामले की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल चौकी के माध्यम से राघौगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता के बयान दर्ज किए। शुरुआत में पीड़िता द्वारा बताए गए गांव के नाम के कारण भ्रम की स्थिति बनी, क्योंकि उसी नाम का एक गांव राघौगढ़ क्षेत्र में भी है। बाद में पुष्टि हुई कि पीड़िता राजगढ़ जिले के ब्यावरा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। इसके बाद राघौगढ़ पुलिस ने जीरो पर प्रकरण दर्ज कर केस डायरी आगे की कार्रवाई के लिए ब्यावरा पुलिस को भेज दी।

बस स्टैंड के पास रहने वाले युवक पर आरोप

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि उसके साथ दुष्कर्म करने वाला युवक ब्यावरा बस स्टैंड के पास का रहने वाला है। राघौगढ़ थाना प्रभारी अजय राणा ने बताया कि घटना दूसरे जिले के थाना क्षेत्र की होने के बावजूद पीड़िता की सुरक्षा और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जीरो पर एफआईआर दर्ज की गई है। अब मामले की आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई ब्यावरा थाना पुलिस करेगी।

पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ