दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपने अधिकृत प्रत्याशी आशुतोष तिवारी का नामांकन दाखिल कराया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा की मौजूदगी में तिवारी ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।
कलेक्ट्रेट परिसर में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। नामांकन के दौरान पार्टी नेतृत्व ने एकजुटता का संदेश देते हुए उपचुनाव में जीत का दावा किया। टिकट वितरण के बाद सामने आई नाराजगी और गुटबाजी की चर्चाओं के बीच डॉ. नरोत्तम मिश्रा का मुख्यमंत्री के साथ दतिया पहुंचना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही दतिया उपचुनाव का मुकाबला अब रोचक हो गया है। भाजपा ने आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने पूर्व विधायक घनश्याम सिंह पर दांव लगाया है। वहीं आजाद समाज पार्टी ने दामोदर यादव को प्रत्याशी बनाया है।
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने नामांकन से पहले क्षेत्र में जनसंपर्क भी किया। अब नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी दल चुनाव प्रचार को गति देने की तैयारी में जुट गए हैं और दतिया का चुनावी माहौल गर्माने लगा है।




0 टिप्पणियाँ