जिले में तहसीलदार-नायब तहसीलदारों के तबादले, कलेक्टर ने बदले कई अधिकारियों के प्रभार



लटेरी, सिरोंज, गुलाबगंज, बासौदा समेत कई तहसीलों में नई जिम्मेदारियां, आदेश तत्काल प्रभाव से लागू

विदिशा। जिले में प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अंशुल गुप्ता ने तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के कार्य आवंटन में व्यापक फेरबदल करते हुए नवीन पदस्थापना आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत कई अधिकारियों को नई तहसीलों में न्यायालयीन एवं गैर-न्यायालयीन कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
जारी आदेश के अनुसार अरविंद कुमार यादव को बासौदा से स्थानांतरित कर गुलाबगंज तहसीलदार बनाया गया है। अतुल श्रीवास्तव को स्थानांतरण उपरांत गंजबासौदा में न्यायालयीन कार्य सौंपे गए हैं। सविता पटेल को अतिरिक्त तहसीलदार बासौदा पदस्थ कर न्यायालयीन कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि पलक पिडिहा को गुलाबगंज से स्थानांतरित कर भू-संसाधन प्रबंधन, जिला कार्यालय में तहसीलदार बनाया गया है। दिलीप चौरसिया को लटेरी तहसीलदार के न्यायालयीन कार्य तथा जगनप्रसाद सौर को अतिरिक्त तहसीलदार नटेरन के रूप में न्यायालयीन एवं गैर-न्यायालयीन कार्यों का दायित्व सौंपा गया है।
नायब तहसीलदारों में भी कई बदलाव किए गए हैं। ऋषभ परतेती को लटेरी में गैर-न्यायालयीन कार्यों के साथ वृत्त शाहखेड़ा का न्यायालयीन कार्य दिया गया है। दोजीराम अहिरवार को सिरोंज में गैर-न्यायालयीन कार्यों के साथ मंडल-4 का न्यायालयीन प्रभार सौंपा गया है। रतिराम अहिरवार को बासौदा में यथावत रखते हुए वृत्त उदयपुर का न्यायालयीन कार्य दिया गया है। वहीं अनुराग रावत को कुरवाई में गैर-न्यायालयीन कार्यों के साथ वृत्त पीकलोन का न्यायालयीन दायित्व सौंपा गया है।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी आगामी आदेश तक अपने नवीन दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ