मुरवास मदरसा दुष्कर्म मामला: 48 घंटे में तीनों आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई


लटेरी विदिशा। जिले के मुरवास थाना क्षेत्र में मदरसे से जुड़े दुष्कर्म एवं छेड़छाड़ के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज होने के 48 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को पीड़िता ने महिला थाना विदिशा में नसीर खान, अख्तर खान और जावेद खान के खिलाफ दुष्कर्म, छेड़छाड़ तथा जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला थाना में जीरो पर एफआईआर दर्ज करने के बाद प्रकरण को थाना मुरवास स्थानांतरित किया गया, जहां अपराध क्रमांक 79/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी लटेरी अमरेश बोहरे के नेतृत्व में थाना प्रभारी उप निरीक्षक लक्ष्मण डावर ने विशेष टीम गठित की। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं के आधार पर लगातार कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में जावेद खान (29) निवासी मुरवास, अख्तर खान (35) निवासी मुरवास तथा नसीर खान (42) निवासी ग्राम रोजरू, थाना देहात बासौदा शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को जेएमएफसी न्यायालय, लटेरी में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक लक्ष्मण डावर, एएसआई संतोष गौड़, प्रधान आरक्षक बृजेंद्र रघुवंशी, सीताराम, संजेश दुबे तथा आरक्षक संदीप मौर्य, मर्दन भील, ऋषिकेश और महिला आरक्षक सोनम जैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ