विदिशा। जिले में किसानों को उर्वरक वितरण व्यवस्था तकनीकी समस्या के कारण प्रभावित हो गई है। ई-विकास पोर्टल और पीओएस मशीनों में उपलब्ध स्टॉक के आंकड़ों में अंतर पाए जाने से विपणन संघ के भंडारण केंद्रों पर खाद वितरण में दिक्कतें आ रही हैं। स्थिति को देखते हुए संबंधित केंद्रों के लिए ऑनलाइन टोकन बुकिंग व्यवस्था अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।
जिला विपणन अधिकारी राखी रघुवंशी ने बताया कि जिले के आठ भंडारण केंद्रों में से सात केंद्रों की आईडी पर ई-विकास पोर्टल और पीओएस मशीन के स्टॉक आंकड़ों में असमानता सामने आई है। प्रभावित केंद्रों में विदिशा-1, विदिशा-2, बासौदा-2 (बैतोली), सिरोंज, कुरवाई, शमशाबाद और ग्यारसपुर शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि पोर्टल पर डीएपी उर्वरक का स्टॉक वास्तविक उपलब्धता से अधिक प्रदर्शित हो रहा है। इसके कारण वास्तविक स्टॉक से ज्यादा मात्रा के लिए टोकन जारी हो रहे हैं, जिससे किसानों और वितरण केंद्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तकनीकी समस्या के समाधान तक संबंधित भंडारण केंद्रों की रिटेलर आईडी ई-विकास पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं की जाएगी। इस दौरान इन केंद्रों के लिए ऑनलाइन टोकन बुकिंग सुविधा भी बंद रहेगी। विभाग द्वारा पोर्टल की त्रुटियों को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जिला विपणन अधिकारी ने किसानों और सहकारी समितियों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। तकनीकी समस्या दूर होते ही टोकन बुकिंग व्यवस्था फिर से शुरू कर दी जाएगी।




0 टिप्पणियाँ