गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं की बढ़ीं मुश्किलें, पुराने रेट पर बुक सिलेंडरों के भी बदले गए डीएसी

भोपाल। रसोई गैस के बढ़े हुए दामों ने उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। शहर के कई क्षेत्रों से ऐसी शिकायतें सामने आई हैं कि गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से पहले बुक कराए गए सिलेंडरों के डीएसी (Delivery Authentication Code) बदलकर नए रेट के अनुसार बिल जारी किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार कोलार, होशंगाबाद रोड और भेल क्षेत्र के कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया है कि उन्होंने एक से पांच जून के बीच पुराने रेट पर सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन बाद में उनके पुराने डीएसी नंबर निरस्त कर दिए गए और मोबाइल पर नया डीएसी भेजकर बढ़ी हुई कीमत के साथ बिल जारी कर दिया गया। इससे उपभोक्ताओं को पुराने रेट का लाभ नहीं मिल सका।

हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपए की वृद्धि की गई है, जिसके बाद 918.50 रुपए में मिलने वाला सिलेंडर अब 947.50 रुपए का हो गया है। वहीं एक जून से कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में भी 44 रुपए की बढ़ोतरी हुई है, जिससे इसकी कीमत 3116.50 रुपए तक पहुंच गई है।

कॉमर्शियल गैस महंगी होने का असर होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर भी दिखाई देने लगा है। व्यवसायियों का कहना है कि गैस खर्च बढ़ने के कारण भोजन की थाली और नाश्ते की प्लेट के दामों में लगभग 15 प्रतिशत तक वृद्धि करनी पड़ी है।

घरेलू गैस की बढ़ती कीमतों से आम परिवारों का मासिक बजट भी प्रभावित हो रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार नई वृद्धि के बाद एक परिवार पर सालाना लगभग 348 रुपए का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि बीते तीन महीनों में एलपीजी की कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले मार्च माह में भी सिलेंडर के दाम 60 रुपए बढ़ाए गए थे।

भोपाल गैस एजेंसी डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आर.के. गुप्ता ने बताया कि तेल कंपनियों द्वारा संशोधित दरें लागू कर दी गई हैं और वर्तमान में सभी बुकिंग नए रेट पर की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शहर में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है तथा उपभोक्ताओं को समय पर होम डिलीवरी भी मिल रही है।
गैस उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि बुकिंग पहले की गई है तो उन्हें उसी समय की निर्धारित दर का लाभ मिलना चाहिए। मामले को लेकर उपभोक्ताओं में असंतोष देखा जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ