लटेरी। नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और आमजन को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए लटेरी पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल ने शुक्रवार को नगर के प्रमुख मार्गों पर पैदल भ्रमण कर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमणों का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान थाना परिसर से अशोक स्तंभ चौराहा और सिरोंज चौराहे तक पुलिस टीम ने सड़क किनारे लगे सब्जी ठेलों, दुकानों के बाहर रखे सामान एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को चिन्हित किया। इस दौरान दुकानदारों और ठेला संचालकों को अतिक्रमण हटाने की अंतिम चेतावनी दी गई।
थाना प्रभारी ने कहा कि मुख्य मार्गों और फुटपाथों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यवसायी स्वयं सड़क और फुटपाथ खाली कर दें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। नगर को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस की इस कार्रवाई का नगरवासियों ने स्वागत करते हुए नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाने की मांग की है, ताकि बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे।




0 टिप्पणियाँ