आनंदपुर। जावती रोड क्षेत्र में नालियों की खराब स्थिति को लेकर वार्डवासियों और दुकानदारों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। जावती चौराहे से आसपास के क्षेत्रों तक नालियां कचरे और गाद से भरी हुई हैं, जिससे आगामी बरसात में जलभराव की आशंका बढ़ गई है।
समस्या को देखते हुए बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने ग्राम पंचायत के सरपंच हरिबल्लभ शर्मा को आवेदन सौंपकर जल्द से जल्द नालियों की सफाई कराने की मांग की।
वार्डवासी राजू शर्मा ने बताया कि समय रहते नालियों की सफाई नहीं कराई गई तो बारिश का पानी दुकानों और घरों में घुस सकता है। इससे लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह समस्या हर वर्ष सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाता।
वार्डवासियों का कहना है कि बरसात शुरू होने से पहले नालियों की सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। आवेदन में चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वार्डवासी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी ग्राम पंचायत प्रशासन की होगी।
सरपंच ने दिया आश्वासन
ग्राम पंचायत सरपंच हरिबल्लभ शर्मा ने वार्डवासियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र नालियों की सफाई कराने का आश्वासन दिया है। आवेदन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं दुकानदार उपस्थित रहे।
जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले भी आनंदपुर की नालियों की साफ-सफाई एवं नालियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग को लेकर अप्रैल माहा में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ओपी सनोड़िया से शिकायत की जा चुकी है। शिकायत में नालियों की नियमित सफाई कराने तथा जल निकासी में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को हटाने की मांग उठाई गई थी। इसके बावजूद कई स्थानों पर समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों में नाराजगी देखी जा रही है। वार्डवासियों का कहना है कि बरसात से पहले प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है।




0 टिप्पणियाँ