लटेरी। वनभूमि पर अवैध अतिक्रमण एवं कब्जे के प्रयास के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर और कल्टीवेटर जब्त किया है। कार्रवाई वन मण्डल अधिकारी हेमंत यादव के निर्देशन एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी उत्तर लटेरी राजेन्द्र कुमार सहरिया के मार्गदर्शन में की गई।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 2 जून की सुबह मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बीट मुरवास के कक्ष क्रमांक पी-360 में वनभूमि पर कब्जा करने की नीयत से जुताई की जा रही है। सूचना पर परिक्षेत्र सहायक मुरवास रत्नेश कुमार पंथी एवं बीटगार्ड शुभम रघुवंशी ने सुबह करीब 8:15 बजे मौके पर पहुंचकर नाकाबंदी की।
निरीक्षण के दौरान खालिद खां पुत्र अकबर खां, निवासी मुरवास, तहसील लटेरी को सोनालिका डी.आई.-35 ट्रैक्टर एवं कल्टीवेटर से वनभूमि की हकाई-जुताई करते पाया गया। वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर और कल्टीवेटर को जब्त कर लिया। जब्त वाहन का चेचिस नम्बर HZJSJ1184388SM तथा इंजन नम्बर 3100FLU24F1175284F18 दर्ज किया गया है।
वन विभाग ने आरोपी के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 93/42 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार प्रकरण में वन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक मुरवास रत्नेश कुमार पंथी, परिक्षेत्र सहायक महावन मनोज मिश्र, बीटगार्ड शुभम रघुवंशी सहित वनरक्षक कुलदीप श्रीवास्तव, कृपाराम गौड़, लोमश चिडार, नागेन्द्र भादौरिया, पर्वत सिंह भील, भानू रघुवंशी और राहुल दांगी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं वनकर्मी जयभान सिंह सेंगर, नितिन गौड़, राजू अहिरवार, हसीन खान तथा वाहन चालक भैयालाल यादव ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।




0 टिप्पणियाँ