विदिशा। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देश पर राजस्व अमले ने ग्राम अहमदानगर में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो डंपर, एक पोकलेन मशीन और एक जेसीबी मशीन जब्त की है।
नायब तहसीलदार ओम बघेल ने बताया कि अहमदानगर क्षेत्र में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन की सूचना मिलने पर राजस्व दल मौके पर पहुंचा। जांच के दौरान संबंधित लोगों के पास खनिज उत्खनन और परिवहन से जुड़े आवश्यक अनुमति पत्र एवं वैध दस्तावेज नहीं मिले।
इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खनिज परिवहन में लगे दो डंपरों तथा उत्खनन कार्य में उपयोग की जा रही एक पोकलेन और एक जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया। जब्त डंपरों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए करारिया थाना पहुंचाया गया है। वहीं पूरे प्रकरण को अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित खनिज विभाग को सौंपा जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग के संयुक्त प्रयासों से कार्रवाई की जा रही है, ताकि खनिज संपदा का संरक्षण हो सके और शासन को होने वाले राजस्व नुकसान को रोका जा सके।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई है कि कहीं भी अवैध खनन या खनिज परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें, जिससे त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।




0 टिप्पणियाँ