नल-जल योजना में लापरवाही, अधूरी टंकी बनाकर ली फोट बिजली और सड़क समस्या से भी जूझ रहे ग्रामीण

लटेरी। जनपद पंचायत लटेरी अंतर्गत ग्राम पंचायत दामखेड़ा के नरसिंहपुर में बन रही नल-जल योजना में ठेकेदार की मनमानी सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पेयजल योजना के तहत पानी की टंकी का केवल ढांचा खड़ा कर उसकी छत डाल दी गई तथा पुताई कर फोटो खींच लिए गए, जबकि टंकी पर पानी भरने के लिए आवश्यक टैंक का निर्माण नहीं किया गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी अधूरा पड़ा है और गुणवत्ता का भी ध्यान नहीं रखा जा रहा। ठेकेदार एवं इंजीनियर मौके पर शायद ही दिखाई देते हैं। जानकारी के अनुसार टंकी का निर्माण सात-आठ माह से चल रहा है, लेकिन अब तक योजना पूर्ण नहीं हो सकी है।

सरपंच प्रतिनिधि शिवराज सिंह यादव ने बताया कि निर्माण सामग्री कई बार अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई, जिसके कारण ठेकेदार मौके पर सामग्री नहीं रख पा रहे हैं।

इधर दामखेड़ा से नरसिंहपुर तक करीब डेढ़ किलोमीटर का आम रास्ता भी बदहाल स्थिति में है। घाटी के नीचे पुलिया के पास बारिश में डाली गई मिट्टी बह जाती है, जिससे मार्ग हर वर्ष बंद हो जाता है और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है।

वहीं दामखेड़ा से मुस्कुरा मार्ग पर अहिरवार समाज के लगभग 15-20 घरों में आजादी के बाद से अब तक बिजली नहीं पहुंच सकी है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार आवेदन देने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है। बिजली के अभाव में बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से नल-जल योजना की जांच कर अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने, सड़क की मरम्मत कराने तथा बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ