लटेरी में वन अमले पर पथराव: सागौन की लकड़ी ले जा रहे 8 लोग फरार, FIR दर्ज

बीट महावन में गश्त के दौरान हुई घटना, गोफन से किया हमला; 2022 के गोलीकांड के बाद फिर बढ़ी चिंता

शुभम सोनी लटेरी। वन परिक्षेत्र लटेरी उत्तर के बीट महावन में गुरुवार शाम गश्त के दौरान वन अमले पर पथराव की घटना सामने आई। वन विभाग की टीम ने सागौन की लकड़ी ले जा रहे चार मोटरसाइकिल सवारों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने लकड़ी फेंककर भागने की कोशिश की और बाद में लौटकर गोफन से पथराव शुरू कर दिया।

वन परिक्षेत्र सहायक मनोज कुमार मिश्र और बीटगार्ड जयभान सिंह सेंगर शासकीय वाहन MP-02-ZA-0959 से वन कक्ष पी-406 में गश्त कर रहे थे। शाम करीब 3:20 बजे चार मोटरसाइकिलों पर सवार आठ लोग प्रत्येक वाहन पर सागौन की लकड़ी लेकर ग्राम चमराकोण्डल की ओर जाते दिखाई दिए।

वन अमले द्वारा रोकने पर आरोपियों ने लकड़ी फेंक दी और थोड़ी दूरी से लौटकर पथराव किया। घटना में कुछ आरोपियों की पहचान मुकेश, मनोहर, नीलेश, दिनेश, विशाल निवासी रायपुरा और विष्णु निवासी ताजपुरा के रूप में हुई है। दो अन्य लोगों की पहचान नहीं हो सकी।

वन विभाग ने थाना लटेरी में आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर क्रमांक 089 दिनांक 9 अप्रैल 2026 दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पहले भी हो चुका है विवाद
अगस्त 2022 में लटेरी के जंगल में कथित लकड़ी तस्करों पर वनकर्मियों की फायरिंग में एक आदिवासी युवक की मौत और तीन लोग घायल हुए थे। मामले में वनकर्मियों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज हुआ था, आठ कर्मचारियों को निलंबित किया गया था और डीएफओ का तबादला भी किया गया था। घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए थे।

लगातार सामने आ रही घटनाओं से लटेरी वन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ