आनंदपुर/काछीखेड़ा। स्कूल चले अभियान के तहत शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला काछीखेड़ा में प्रवेशोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। वेदोक्त मंत्रों की गूंज के बीच जब नन्हे विद्यार्थियों ने स्कूल की दहलीज पर कदम रखा, तो तिलक लगाकर, पुष्प वर्षा कर एवं मिठाई खिलाकर उनका आत्मीय स्वागत किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का वातावरण दिखाई दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनपद सदस्य राजकुमार श्रीवास्तव, सरपंच पति वीरेन्द्र शर्मा, स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष रवि पाटीदार, समाजसेवी संगठन जन चेतना मंच से धर्मेंद्र पाटीदार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह बघेल, कार्यक्रम के नोडल एवं विकासखंड अकादमिक समन्वयक ऋषि द्विवेदी सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर विकासखंड अकादमिक समन्वयक ऋषि द्विवेदी ने कहा कि प्रवेशोत्सव केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने की अपील की।शासन के निर्देशानुसार 1 अप्रैल 2026 को स्कूल चले अभियान के तहत क्षेत्र के सभी विद्यालयों में प्रवेशोत्सव आयोजित किया गया। इसी क्रम में दूरस्थ अंचल स्थित शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला काछीखेड़ा में भी कार्यक्रम उत्साहपूर्वक मनाया गया। विद्यार्थियों का स्वागत वेदोक्त मंत्रों से तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा कर किया गया।
विद्यालय स्टाफ द्वारा विद्यार्थियों के लिए स्कूल बैग, पानी की बोतल, ड्राइंग बॉक्स एवं पुस्तकों की किट तैयार की गई थी, जिसे उपस्थित अतिथियों ने वितरित किया। कार्यक्रम में बीएसी सुरेंद्र भंडारी, बीएसी प्रेमनारायण शर्मा, जनशिक्षक अभय श्रीवास्तव सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




0 टिप्पणियाँ