स्कूल चले हम प्रवेशोंत्सव बना मजाक: कई स्कूलों में नोडल अधिकारी गायब, शिक्षक समय से पहले लौटे घर

आनंदपुर । प्रवेश उत्सव के नाम पर औपचारिकता निभाने का मामला सामने आया है। शासकीय प्राथमिक एकीकृत माध्यमिक शाला लोधाखेड़ी में पदस्थ शिक्षक मात्र खाना-पूर्ति कर दोपहर 1:30 बजे ही स्कूल मुख्यालय छोड़कर अपने-अपने घर रवाना हो गए। उस समय स्कूल में केवल अतिथि शिक्षक नेपालसिंह बघेल मौजूद थे। उन्होंने बताया कि प्रवेश उत्सव आयोजित हुआ था और बच्चे भी आए थे, लेकिन स्टाफ के अधिकांश शिक्षक अपने कार्य बताकर जल्दी चले गए।
इधर माध्यमिक शाला छोटी रुसल्ली में नोडल अधिकारी चंदन सिंह जादौन कार्यक्रम में पहुंचे ही नहीं, जबकि अन्य स्टाफ उपस्थित था। स्कूल को प्रवेश उत्सव के लिए गुब्बारों से सजाया गया था, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी की अनुपस्थिति चर्चा का विषय रही।

वहीं माध्यमिक शाला बामनखेड़ी में दोपहर 2 बजे एक भी बच्चा मौजूद नहीं मिला। प्रभारी शिक्षक प्राण सिंह बघेल ने बताया कि सभी बच्चों को घर भेज दिया गया है। स्टाफ में केवल एक अतिथि शिक्षक मौजूद था। अन्य शिक्षकों के बारे में पूछने पर बताया गया कि वे बच्चों को घर छोड़ने गए हैं। ग्रामीण क्षेत्र में बच्चों को पकड़ने की अफवाह के चलते ऐसा किया गया। हालांकि, दो अन्य अतिथि शिक्षक बाद में स्कूल पहुंच गए थे लेकिन दोपहर 2 बजे ही बच्चों को घर भेज देना और पढ़ाई नहीं होना प्रवेश उत्सव की औपचारिकता पर सवाल खड़े कर रहा है। 
अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में ठोस कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह बंद फाइलों में दबकर रह जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ