विदिशा में ओवर एमआरपी पर दूध बिक्री पर कार्रवाई, दो दुकानों पर प्रकरण दर्ज

विदिशा। उपभोक्ता हितों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर अंशुल गुप्ता के मार्गदर्शन में मंगलवार को जिले में दूध पैकेट विक्रेताओं के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दुकानों का निरीक्षण कर मूल्य संबंधी अनियमितताओं की पड़ताल की। 

नापतौल निरीक्षक राजीव पांडे ने बताया कि जांच के दौरान कुछ दुकानों पर निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से अधिक दर पर दूध पैकेट बेचे जाने के मामले सामने आए। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए ओवर एमआरपी के दो प्रकरण दर्ज किए गए। 

माधव गंज क्षेत्र में संचालित यादव किराना स्टोर तथा इंदिरा कॉम्प्लेक्स स्थित लभमत जवनमल किराना स्टोर पर दूध पैकेट अधिक कीमत पर बेचे जाने की पुष्टि हुई। दोनों मामलों में पैकेज्ड कमोडिटी नियम 2011 के तहत कार्रवाई कर प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। 

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। ऐसे मामलों में संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिले में आगे भी जांच अभियान चलाए जाएंगे, ताकि नागरिकों को आवश्यक वस्तुएं उचित मूल्य पर मिल सकें और बाजार में पारदर्शिता बनी रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ