विदिशा में आवारा कुत्तों का हमला: एक दिन में 14 लोग घायल, बच्चों में दहशत

रीटा फाटक क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित; डॉक्टर बोले—गर्मी से बढ़ी आक्रामकता

विदिशा । शहर में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। सोमवार को अलग-अलग इलाकों में कुत्तों ने करीब 14 लोगों को काट लिया। घायलों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं। सभी को जिला अस्पताल ले जाकर रेबीज के टीके लगाए गए।

रीटा फाटक क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित रहा। यहां 12 वर्षीय नैना और तीन साल की मासूम बच्ची पर भी कुत्तों ने हमला कर दिया। घटनाओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। 

जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टर धर्मेंद्र रघुवंशी ने बताया कि सुबह से दोपहर तक 14 लोग कुत्तों के काटने के मामलों में पहुंचे। उन्होंने आशंका जताई कि संख्या बढ़ सकती है। डॉक्टरों के मुताबिक, अचानक बढ़ी गर्मी के कारण कुत्तों का स्वभाव आक्रामक हो गया है।

अचानक कर रहे हमला

कई मामलों में कुत्ते अचानक लोगों पर टूट पड़े। एक व्यक्ति हैंडपंप पर पानी पी रहा था, तभी पास बैठी दो बच्चियों पर कुत्ते ने हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने किसी तरह बच्चों को बचाया।

स्थानीय लोगों में नाराजगी

इलाके के लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन नगर प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा। लोगों ने कुत्तों को पकड़ने और स्थायी समाधान की मांग की है।

डॉक्टरों की सलाह
- बच्चों को अकेले बाहर न छोड़ें
- कुत्तों से दूरी बनाकर रखें
- काटने पर तुरंत अस्पताल पहुंचें
- रेबीज का टीका लगवाना जरूरी
नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की गई है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ