आनंदपुर। ग्राम पंचायत गोलाखेड़ा में खेत की नरवाई में आग लगने से खेत सहित कई पेड़ों को भारी नुकसान पहुंचा है। आग की चपेट में आने से आसपास के जीव-जंतुओं को भी क्षति हुई है। लगातार सामने आ रही घटनाओं को देखते हुए लटेरी अनुविभागीय अधिकारी नितिन जैन ने सख्त रुख अपनाते हुए पटवारियों को निर्देश दिए हैं कि जहां कहीं भी जानबूझकर खेतों की नरवाई में आग लगाई जाए, संबंधित किसानों पर प्रकरण दर्ज कर चालानी कार्रवाई की जाए। साथ ही संबंधित खसरे में जुर्माने का उल्लेख करने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे भविष्य में किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
बुधवार को ग्राम पंचायत सुनखेर में वेयरहाउस के आसपास भीषण आग लग गई थी। आग इतनी तेज थी कि फायर ब्रिगेड को उसे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग फैलने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं गोपी तलाई के आसपास भी नरवाई में आग लगने की घटना सामने आई।
घटनाओं की सूचना मिलते ही एसडीएम ने तत्काल पटवारी को मौके पर पहुंचकर प्रकरण दर्ज करने और कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही आग बुझाने के लिए आवश्यक प्रबंध भी करवाए गए। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि नरवाई में आग लगाने से बचें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।




0 टिप्पणियाँ