रबी खरीदी की विसंगतियों पर किसान संघ ने रखीं 13 मांगें, समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी,

लटेरी (विदिशा)। रबी फसल की समर्थन मूल्य खरीदी में आ रही समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ जिला विदिशा इकाई लटेरी ने मंगलवार को अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय में बैठक कर 13 सूत्रीय मांगें रखीं। बैठक में एसडीएम सहित कृषि, खाद्य, राजस्व और सहकारिता विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। किसानों ने खरीदी व्यवस्था में व्यावहारिक दिक्कतों का मुद्दा उठाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक में एसडीएम नितिन जैन, नायब तहसीलदार भास्कर रघुवंशी, कृषि विभाग एसडीओ रितेश परमार, सहकारिता विस्तार अधिकारी अरविंद रघुवंशी, फूड अधिकारी अंजना इक्का, वेयरहाउस प्रबंधक अभिनब शर्मा, सोसाइटी प्रबंधक मुकेश शर्मा एवं बबलू बघेल उपस्थित रहे। किसान संघ की ओर से इकाई अध्यक्ष चंद्रभान बघेल, चरण सिंह राजपूत, लाखन बघेल, सुरेंद्र बघेल, शैलेंद्र रघुवंशी सहित कई किसान प्रतिनिधि शामिल हुए।
किसान संघ की प्रमुख मांगें.

किसान संघ ने रबी खरीदी से जुड़ी समस्याओं को 13 बिंदुओं में रखते हुए कहा कि चना में तेवड़ा की मात्रा 0 प्रतिशत रखना अव्यावहारिक है, इसे पिछले वर्ष की तरह 5 प्रतिशत किया जाए। तुलाई में बायोमेट्रिक के साथ ओटीपी सिस्टम लागू करने, सभी खरीदी केंद्र तत्काल चालू करने तथा स्लॉट बुक कराने वाले किसानों की तुलाई सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इसके अलावा एक किसान से खरीदी की सीमा बढ़ाकर गिरदावरी के अनुसार खरीद करने, गेहूं खरीदी की दैनिक क्षमता 1000 से बढ़ाकर 1500 क्विंटल करने, रविवार छोड़कर अन्य अवकाश निरस्त करने और स्लॉट बुकिंग सत्यापन की समस्या दूर करने की मांग रखी गई।.

किसानों ने फर्जी पंजीयन की जांच, जरूरत अनुसार नए खरीद केंद्र खोलने, केसीसी भुगतान शीघ्र कराने, आगजनी की घटनाओं को देखते हुए फायर गाड़ी बढ़ाने, साप्ताहिक समीक्षा बैठक तय करने तथा स्लॉट बुकिंग साइट सुधारने की भी मांग की।

अन्य मुद्दों पर भी चर्चा

बैठक में तुलाई में बाधा, फसल मापदंड, नरवाई में आग की घटनाएं तथा बैंक ऋण वापसी जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। किसान संघ ने चेतावनी दी कि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो किसान आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

एसडीएम ने दिया आश्वासन

एसडीएम नितिन जैन ने संबंधित विभागों को किसानों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने स्लॉट सत्यापन में आ रही सैटेलाइट संबंधी समस्या के समाधान के लिए पटवारियों को निर्देशित किया तथा 15 अप्रैल से पहले की शिकायतों पर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

बैठक में किसानों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा कर शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया ग

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ