खबर के असर: लटेरी के तीन स्कूलों में डीईओ का निरीक्षण, 8 शिक्षकों को नोटिस

लटेरी । क्षेत्र के तीन स्कूलों की बदहाली उजागर होने के बाद मंगलवार को जिला शिक्षा अधिकारी एसपीएस जाटव ने कालादेव, खुदारामपुर और जरसेना स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में भारी लापरवाही सामने आने पर प्रधानाध्यापक समेत आठ शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।

निरीक्षण के दौरान खुदारामपुर स्कूल भवन में बरामदे में धनिया की फसल का ढेर मिला, जिसे तत्काल हटवाया गया। वहीं कई कक्षाओं के विद्यार्थियों को एक ही कमरे में बैठाकर पढ़ाई कराई जा रही थी। कक्षाओं में टीएलएम सामग्री नहीं मिली और बच्चों का शैक्षणिक स्तर भी न्यूनतम पाया गया। खेल सामग्री का भी अभाव मिला।
जरसेना मिडिल स्कूल में कक्षा 6वीं, 7वीं और 8वीं के छात्रों को एक ही कक्ष में पढ़ाया जा रहा था। प्राथमिक शाला में कक्षा 1 से 3 तक का संचालन भी एक कमरे में मिला। कालादेव स्कूल में किताबों का वितरण नहीं हुआ था और टीएलएम सामग्री भी अनुपस्थित मिली।
खबर के बाद हरकत में प्रशासन

गौरतलब है कि 6 अप्रैल को theshapath ने प्रकाशित खबर में लटेरी क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए गए थे। इसके बाद कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने जिला शिक्षा अधिकारी और डीपीसी को निरीक्षण के निर्देश दिए थे।
सूत्रों के अनुसार निरीक्षण की सूचना मिलते ही कालादेव स्कूल के सामने से मवेशियों को हटा दिया गया, हालांकि आसपास मवेशी घूमते मिले।

इन शिक्षकों को जारी हुए नोटिस

जिला शिक्षा अधिकारी ने दीपक सारस (जरसेना), संगीता अहिरवार (खुदारामपुर), हरिप्रकाश अहिरवार (जरसेना), रामवीर यादव (जरसेना), नरेंद्र यादव (जरसेना), गोविंद यादव (जरसेना), विवेक श्रीवास्तव (जरसेना) और लालाराम अहिरवार (खुदारामपुर) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

 निरीक्षण में डीपीसी के अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर ने उन्हें फटकार लगाते हुए बुधवार को स्कूलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ