आगर मालवा। मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे नायब तहसीलदार की चप्पल चोरी हो गई। घटना के बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार नलखेड़ा तहसील के बड़गांव के नायब तहसीलदार 2 मार्च को दोपहर करीब 3:15 बजे मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। मंदिर परिसर में स्थित रसीद काउंटर के पास उन्होंने अपनी चप्पल उतारी और दर्शन के लिए चले गए। करीब 10 मिनट बाद जब वे लौटे तो उनकी करीब 500 रुपए कीमत की चप्पल वहां से गायब थी।
चप्पल नहीं मिलने पर मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। फुटेज में करीब 3:20 बजे एक युवक चप्पल लेकर जाता हुआ दिखाई दिया। मंदिर प्रबंधन और वहां मौजूद कर्मचारियों ने युवक की पहचान नलखेड़ा निवासी पवन, पिता प्रेमनारायण के रूप में की।
बताया गया कि मंदिर कर्मचारी के माध्यम से पवन को बुलाकर पूछताछ की गई, जहां उसने चप्पल ले जाने की बात स्वीकार कर ली। इस दौरान मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ भी जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए व्यवस्था प्रभावित हुई।
नायब तहसीलदार ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि मंदिर में इस तरह की चप्पल चोरी की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं में असंतोष की स्थिति बनती है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 और 126 के तहत कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
अब इस मामले में पुलिस द्वारा जांच के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।




0 टिप्पणियाँ