आनंदपुर में मुक्तिधाम की भूमि का सीमांकन, विवाद की आशंका खत्म


लटेरी। तहसील के ग्राम आनंदपुर में मुक्तिधाम की भूमि को लेकर स्पष्टता सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को राजस्व विभाग द्वारा सीमांकन कराया गया। तहसीलदार हेमंत अग्रवाल की मौजूदगी में राजस्व अमले ने मौके पर पहुंचकर भूमि की सीमा तय की और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को इसकी विस्तृत जानकारी दी।

तहसीलदार हेमंत अग्रवाल ने ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों और ग्रामीणों को मुक्तिधाम की निर्धारित सीमा समझाते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार के विवाद से बचने के लिए सीमांकन का पालन किया जाए। उन्होंने बताया कि सीमांकन से भूमि की स्थिति स्पष्ट हो गई है, जिससे मुक्तिधाम की जमीन सुरक्षित रहेगी और उसका उचित उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा।

सीमांकन की कार्यवाही के दौरान राजस्व विभाग के कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस पहल से गांव में मुक्तिधाम की भूमि को लेकर संभावित विवाद की स्थिति समाप्त होने की उम्मीद है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ